लंबित मांगों को लेकर जनवरी में महाधरने की तैयारी में कर्मचारी
भोपाल। लंबित मांगों को लेकर प्रदेश के कर्मचारियों ने नए साल से आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने आगामी 2 जनवरी 2027 को राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय विशाल धरने और आंदोलन का औपचारिक ऐलान किया है। संघ की प्रदेश महासमिति की बैठक में सर्वसम्मति से इस आंदोलन की रणनीति तैयार की गई है।
भोपाल स्थित कर्मचारी भवन में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार के सामने लंबे समय से अपनी समस्याएं रखी जा रही हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में भारी असंतोष और नाराजगी व्याप्त है। कर्मचारियों की मुख्य मांगे अनुकंपा नियुक्ति और पदोन्नति में सीपीसीटी की अनिवार्यता को तुरंत समाप्त किया जाए, 70 फीसदी, 80 फीसदी और 90 फीसदी वेतन देने वाले पूर्व आदेश को निरस्त कर वर्ष 2019 से 100 फीसदी वेतन का लाभ दिया जाए, जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता और महंगाई राहत का तत्काल भुगतान किया जाए, लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के ग्रेड-पे की विसंगतियों को दूर किया जाए और सभी कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू की जाए हैं। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार 2 जनवरी 2027 को होने वाले इस प्रदेशव्यापी आंदोलन में हजारों कर्मचारी भोपाल जुटेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर जनसंपर्क अभियान और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
