विधायकों को होम, कार लोन पर सरकार अधिकतम 6 फीसदी ही चुकाएगी ब्याज
भोपाल। प्रदेश के विधायकों को दिए जाने वाले होम और कार लोन पर अब सरकार अधिकतम 6 प्रतिशत ब्याज ही वहन करेगी। वित्त विभाग के संशोधित प्रस्ताव के अनुसार, विधायकों को स्वयं सिर्फ 4 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि 6 प्रतिशत तक की शेष राशि सरकार चुकाएगी।
वित्त विभाग के इस संशोधित प्रस्ताव को वित्त विभाग की सहमति के बाद अब कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। पूर्व में संसदीय कार्य विभाग द्वारा मई-जून माह में एक प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसमें विधायकों को 4 प्रतिशत ब्याज देने और शेष राशि सरकार द्वारा वहन करने का प्रावधान था। उसी प्रस्ताव के तहत होम लोन की सीमा 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये तथा वाहन लोन की सीमा 15 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने की सिफारिश की गई थी। प्रस्ताव में यह भी उल्लेख था कि सरकार अधिकतम 6.75 प्रतिशत तक की ब्याज राशि वहन करेगी। इस प्रस्ताव को वित्त विभाग ने मंजूरी भी दे दी थी, लेकिन मुख्य सचिव ने इसे हाल ही में पुनर्विचार के लिए लौटा दिया था।
