लोको पायलटों की ड्राइविंग रिपोर्ट तैयार करेगा ’स्पीडो विजन’ सॉफ्टवेयर
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने लोको पायलटों की ड्राइविंग रिपोर्ट तैयार करने के लिए ’स्पीडो विजन’ नामक एक अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर विकसित किया है। यह पहल यात्रियों की सुरक्षा, ट्रेन संचालन में पारदर्शिता और लोको पायलटों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एक माह के भीतर आंतरिक प्रयासों से विकसित यह सॉफ्टवेयर, लोकोमोटिव स्पीडोमीटर से प्राप्त डेटा का त्वरित और सटीक विश्लेषण करता है। यह कुछ ही मिनटों में एक ग्राफिकल रिपोर्ट तैयार करने में सक्षम है, जिसमें तिथि, समय, गति, दूरी, ब्रेकिंग पैटर्न, ओवरस्पीड और ब्रेक पावर टेस्ट जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होती हैं। यह स्वचालित और त्रुटिरहित विश्लेषण मैनुअल प्रक्रियाओं की तुलना में समय और संसाधनों की भारी बचत करता है।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह तकनीक न केवल ट्रेन संचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता को बढ़ाएगी, बल्कि लोको पायलटों के प्रशिक्षण, दक्षता और जिम्मेदारी को भी नया आयाम देगी। भविष्य में इस मॉडल को भारतीय रेलवे के अन्य मंडलों में भी लागू करने की योजना है।
