मानसून सत्र की तैयारियों में जुटा विधानसभा सचिवालय
पूरी कार्यवाही होगी डिजिटल रूप से संपन्न
भोपाल। राज्य विधानसभा का मानसून सत्र जुलाई के तीसरे सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। विधानसभा सचिवालय ने इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। सत्र की तिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की आपसी चर्चा के बाद तय की जाएगी।
इस बार मानसून सत्र के दौरान सत्र की कार्यवाही पूरी तरह डिजिटल रूप में संपन्न होगी, क्योंकि राज्य सरकार ने विधानसभा में ई-विधान प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत सत्र की पूरी कार्यवाही डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। विधानसभा सचिवालय के अनुसार ई-विधान प्रणाली को लेकर सचिवालय विभागीय स्तर पर सक्रियता से कार्य कर रहा है। हाल ही में एनईवीए (नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन) के अंतर्गत एनआईसी द्वारा एक प्रजेंटेशन भी विधानसभा में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों को अब तक की तैयारियों से अवगत कराया गया।
कंप्यूटर खरीदी के लिए जारी की निविदा
ई-विधान प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए विधानसभा सचिवालय द्वारा 35 ऑल इन वन कंप्यूटर खरीदे जाएंगे। इनमें सीपीयू, मॉनिटर, बैटरी बैकअप और स्पीकर एक ही यूनिट में होंगे, जिससे अलग-अलग उपकरण खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी। ये कंप्यूटर सत्र की कार्यवाही के दौरान उपयोग में लाए जाएंगे। इसके लिए विधानसभा सचिवालय ने जेम पोर्टल के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। संबंधित टेंडर 18 जून को खोले जाएंगे।
