अगर अनुमति दी तो झांसी से लड़ूंगी 2029 में चुनाव : उमा भारती
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने 2029 लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि अगर पार्टी अनुमति देती है, तो वे झांसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी।
उमा भारती ने अपने इस इरादे को सोशल मीडिया पर भी साझा किया और लिखा कि यदि पार्टी आदेश देगी तो मैं झांसी से चुनाव लड़ूंगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसके पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश के ललितपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में यही बात वे कह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मेरा बुंदेलखंड से गहरा लगाव है, और मैं चाहती हूं कि आने वाले लोकसभा चुनाव में बुंदेलखंड की जनता मुझे फिर से संसद तक पहुंचाए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान 2029 लोकसभा चुनाव की शुरुआती गहमागहमी का संकेत है। इससे पहले भी उमा भारती कई बार सक्रिय राजनीति में वापसी की इच्छा जता चुकी हैं। अगस्त 2025 में उन्होंने कहा था कि मैं अभी 65 वर्ष की नहीं हूं, और सही समय आने पर चुनाव लड़ूंगी।
झांसी से लड़ चुकी हैं चुनाव
उमा भारती 2014 के लोकसभा चुनाव में झांसी से सांसद चुनी गई थीं। झांसी लोकसभा सीट का राजनीतिक इतिहास काफी दिलचस्प रहा है कि अब तक हुए 17 चुनावों में कांग्रेस 9 बार और भाजपा 6 बार जीत चुकी है, जबकि एक बार लोकदल को जीत मिली थी। उमा भारती के इस बयान से एक बार फिर बुंदेलखंड की राजनीति में हलचल मच गई है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि भाजपा नेतृत्व इस पर क्या रुख अपनाता है।
