नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव में तकनीक का होगा व्यापक उपयोग
राज्य निर्वाचन आयोग ने दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश
भोपाल। प्रदेश में आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत आम निर्वाचन-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि इन चुनावों में सूचना प्रौद्योगिकी का बेहतर और प्रभावी उपयोग किया जाएगा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुगम और व्यवस्थित बन सके।
आयुक्त श्रीवास्तव ने यह बात नगरीय निकाय एवं पंचायत आम निर्वाचन-2027 से संबंधित समीक्षा बैठक के दौरान कही। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, चुनावी प्रक्रिया के लिए प्रस्तावित ऐप के विकास और उसके उपयोग को लेकर भी सुझाव लिए गए। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी इस्तेमाल से चुनावी कार्यों को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा सकता है। बैठक में केंद्र सरकार की संस्था एनआईसीएसआई के प्रतिनिधि ने स्थानीय निर्वाचन में तकनीकी उपयोग को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें मतदाता प्रबंधन, मतदान प्रक्रिया, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम, एआई आधारित मतदाता सूची सहित अन्य तकनीकी विषयों पर जानकारी साझा की गई।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दीपक सिंह ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की चुनावी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग से कुछ अलग है, इसलिए ऐप और तकनीकी व्यवस्था तैयार करते समय इस अंतर को ध्यान में रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग से ही निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुगम व पारदर्शी बनाया जा सकता है।
