आयुष विभाग की फर्जी वेबसाइट बनाकर निकाल दिया नौकरी का विज्ञापन
विभाग को जानकारी मिली तो दर्ज कराई शिकायत
भोपाल। प्रदेश में साइबर ठगी की वारदातें लगातार बढ़ रही है। राजधानी में ऐसा ही एक मामला और सामने आया है जिसमें साइबर ठगों ने आयुष विभाग की फर्जी वेबसाइट बनाई और नौकरी के लिए विज्ञापन निकाल दिया। विज्ञापन दिए गए नंबरों पर संपर्क करने वालों के साथ ठगी की गई। इस बात की जानकारी जब विभाग को लगी तो मामले की शिकायत एमपी नगर थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार करीब एक महीने पहले ’ई औषधि मध्यप्रदेश नाम से एक फेसबुक पेज पर आयुष विभाग में 2972 पदों पर वैकेंसी का विज्ञापन दिया। विज्ञापन के साथ ही बाकायदा वेबसाइट का लिंक भी दिया। विज्ञापन में आवेदन शुरू करने के तारीख 7 मार्च तो वहीं आवेदन समाप्त होने की तारीख 6 अप्रैल दी गई। इस बात की जानकारी जब विभाग तक पहुंची तो 6 अप्रैल को विभाग की ओर से इस तरह के किसी भी विज्ञापन का खंडन जारी किया गया। इसमें कहा गया कि सोशल मीडिया पर वायरल ई औषधि मध्यप्रदेश संबंधित नियुक्ति पूर्णतः भ्रामक और तथ्यहीन है। संबंधित वेबसाइट मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट नहीं है और विभाग की ओर से यह भर्ती नहीं निकाली गई है। विज्ञापन के साथ ही पदों की संख्या (2972) भी लिखी, जिसमें स्टोर मैनेजर (528 पद) सहायक स्टोर मैनेजर (988 पद) और डेटा एंट्री ऑपरेटर (1456 पद) के पद शामिल थे। प्रति आवेदन 500 रुपए शुल्क रखा गया था और साथ में एक जीमेल आईडी दी गई थी।
वेबसाइट बनाकर ठगी करने वालों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को एक माह बाद लगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग की ओर से एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2) तथा 66 सी व 66 डी आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब वेबसाइट के आईपी एड्रेस तथा यूआरएल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
