नामांकन निरस्त होने पर नाराज कांग्रेस नेताओं नें किया सत्याग्रह
दिग्विजय बोले फर्जी नोटिस को आधार बनाकर रद्द किया मीनाक्षी नटराजन का पर्चा
भोपाल। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के विरोध में कांग्रेस ने राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चौराहा स्थित जवाहर भवन के सामने जोरदार सत्याग्रह कर चुनावी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और खुद मीनाक्षी नटराजन सहित भारी संख्या में दिग्गज नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चरखा चलाकर गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नामांकन निरस्तीकरण की प्रक्रिया को लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करार देते हुए कहा कि जिस दिन मीनाक्षी नटराजन का पर्चा खारिज किया गया, वह देश के लोकतंत्र के लिए एक काला दिन था। सिंह ने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम एक सुनियोजित षड्यंत्र है। उन्होंने दावा किया कि एक ऐसे फर्जी नोटिस को आधार बनाकर नामांकन रद्द किया गया, जिससे जुड़ी याचिका पहले ही वापस ली जा चुकी थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस लड़ाई को जन-जन तक ले जाने का आह्वान किया।
राम मंदिर ट्रस्ट पर भी साधा निशाना
सत्याग्रह के दौरान मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोगों ने अपनी अगाध श्रद्धा से मंदिर के लिए दान दिया था, लेकिन इसके निर्माण और प्रबंधन में लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए जारी रहेगी लड़ाई: मीनाक्षी
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि यह मामला केवल राज्यसभा की एक सीट तक सीमित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को वन नेशन, वन पार्टी की दिशा में ले जाने की कोशिश हो रही है और विपक्षी दलों को कमजोर करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यह लड़ाई सीट और वोट तक सीमित थी, लेकिन अब लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक दलों के अस्तित्व का सवाल खड़ा हो गया है। मीनाक्षी ने कहा कि कांग्रेस इस चुनौती का मजबूती से मुकाबला करेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के मुद्दे पर महिला कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्वाचन आयोग के प्रदर्षन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर निर्वाचन आयोग का पुतला दहन किया और इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं और निर्वाचन आयोग तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
