स्कूलों और फोरेंसिक लैब को बम से उड़ाने की धमकी
भोपाल। राजधानी भोपाल के स्कूलों और फोरेंसिक लैब को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पाकिस्तान के आईएसआई के नाम से बम धमाकों का मेल आया है।
राजधानी भोपाल के दो स्कूलों और एक राष्ट्रीय लैब को 10 मार्च को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। बड़वई स्थित पोदार वर्ल्ड स्कूल और टीटी नगर स्थित सेंट मेरी स्कूल को धमकी दी गई कि उन्हें बम से उड़ा दिया जाएगा। वहीं, खजूरी क्षेत्र में स्थित नेशनल फोरेंसिक लैब के बाहर विस्फोटक सामग्री पड़े होने की सूचना मिली। इन घटनाओं के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की, लेकिन किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। बता दें एक माह पूर्व भी भोपाल और इंदौर के स्कूलों को तेलुगू भाषा में धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ था।
पुलिस के अनुसार सोमवार को पोदार वर्ल्ड स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट पर एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 2ः45 बजे स्कूल को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिफ्यूजन टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। वर्तमान में ईमेल की सत्यता की जांच जारी है। वहीं टीटी नगर स्थित सेंट मेरी स्कूल को भी इसी प्रकार का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड टीम स्कूल पहुंची और पूरी जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है। इसके अलावा मैदा मिल स्थित केंद्रीय विधालय को भी इसी तरह का मेल मिला था। वहीं नेशनल फोरेंसिक लैब को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें लैब के बाहर विस्फोटक सामग्री पड़े होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम ने पूरे इलाके की बारीकी से जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। फिलहाल, इन घटनाओं में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी हुई है।
