मंत्रालय पर मांगों को लेकर सुंदरकांड का पाठ करेंगे कर्मचारी
भोपाल। मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ के आव्हान पर मंगलवार चार मार्च को मंत्रालय के एक हजार से अधिक कर्मचारी सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। मंत्रालय के पुराने भवन के एक नंबर गेट पर होने वाला यह पाठ कर्मचारी अपनी मांगें पूरी कराने के लिए कर रहे हैं। पूरी पवित्रता के साथ पाठ करने के लिए संघ ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने बताया कि जिस स्थान पर पाठ किया जाना है, उसे ऑफिस टाइम से पहले ही साफ कर लिया जाएगा, ताकि पाठ के दौरान शुद्धता बनी रहे। सभी कर्मचारी अपने घर से किताब रखने का स्टैंड लाएंगे और सुंदरकांड पाठ के लिए संघ के साथी दयानंद उपाध्याय ने 101 सुंदरकांड की पुस्तिकाएं संघ को भेंट की हैं, जो कर्मचारियों को बांटी जाएंगी। इसके बाद सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। नायक ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंत्रालय के कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 9 वर्ष से रुकी पदोन्नति शुरू करना, चौथा समयमान वेतन, उच्च पदनाम, केंद्र सरकार की तरह 25 साल की सेवा के बाद पूर्ण पेंशन, तृतीय समयमान में तृतीय पदोन्नति के वेतनमान की विसंगति को दूर करना सहित अन्य शामिल हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि छोटे कार्यालयों को चौथा समयमान मिल गया, लेकिन प्रदेश के सर्वोच्च कार्यालय को यह सुविधा नहीं मिली। आंदोलन का प्रचार संघ के पदाधिकारियों ने टेबल-दर-टेबल जाकर आंदोलन का प्रचार किया है। उन्होंने कर्मचारियों को पैम्फलेट बांटे और आंदोलन में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की।
