विक्रमोत्सव में होगा महाशिवरात्रि मेलों का उद्घाटन
सिंहस्थ पर्व की रूपरेखा का किया जाएगा लोकार्पण
भोपाल। उज्जैन में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर 26 फरवरी को विक्रमोत्सव का शुभारंभ होगा। यह आयोजन 30 जून तक चलेगा। आयोजन की शुरुआत शहर के दशहरा मैदान में शाम 7 बजे होगी. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित रहेंगे।
विक्रमोत्सव के दौरान मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 51 प्रमुख महाशिवरात्रि मेलों का औपचारिक उद्घाटन होगा। इसके अलावा वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की रूपरेखा का भी लोकार्पण किया जाएगा। आयोजन स्थल पर विक्रम व्यापार मेला, हस्तशिल्प कला प्रदर्शनी, पारंपरिक भोजन के स्टॉल और जनजातीय चिकित्सा शिविर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे। 26 फरवरी से 30 जून तक आयोजित इस उत्सव में संगीत, नृत्य, चित्रकला, मूर्तिकला, रंगमंच और पौराणिक फिल्मों का अंतरराष्ट्रीय महोत्सव जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे. इसके अलावा राष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन, अंतरराष्ट्रीय इतिहास संगोष्ठी, भारतीय बोलियों का प्रदर्शन और हिंदी भाषाई कवि सम्मेलन जैसे साहित्यिक आयोजन भी होंगे. महोत्सव के दौरान कई पुस्तकों का विमोचन और विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया जाएगा। राज्य के सर्वोच्च पुरस्कार सम्राट विक्रमादित्य राष्ट्रीय सम्मान के साथ-साथ तीन राज्य स्तरीय विक्रमादित्य शिखर सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
समापन दिवस पर शिप्रा तट पर अलंकरण समारोह
विक्रोत्सव का पहला चरण 26 फरवरी से शुरू होकर 30 मार्च को वर्ष प्रतिपदा के दिन संपन्न होगा। समापन दिवस पर शिप्रा तट पर अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध पार्श्व गायिका श्रेया घोषाल अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगी। वहीं 13 मार्च को रंगों के पर्व होली के अवसर पर अभिनेता और होस्ट अन्नू कपूर के साथ अंताक्षरी का आयोजन किया जाएगा। अंत में कलश को सम्राट विक्रमादित्य शोधपीठ में स्थापित किया जाएगा।
