प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए बड़े नेताओं के साथ बैठकें
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चयन में शाह की होगी अह्म भूमिका
भोपाल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चयन को लेकर एक बार फिर भाजपा में बैठकों के अलावा नेताओं के बीच बैठकों का दौर तेज हुआ है। दिल्ली में बड़े नेताओं खासकर केन्द्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकातों का दौर जारी है। शाह से मुलाकात करने वालों में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल है। माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के चयन में शाह की अहम भूमिका होगी। वे संगठन पदाधिकारियों से चर्चा कर नए अध्यक्ष का नाम तय कर सकते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव से पहले नामों को लेकर प्रदेश संगठन के नेताओं की दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के साथ बैठकें हो चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। इसके अलावा दो दिन पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी दिल्ली में शाह से मुलाकात की थी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में शाह अहम भूमिका निभाएंगे। शाह 25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के समापन समारोह में उपस्थित रहेंगे। शाह और यादव दोनों ने मध्यप्रदेश सहकारी डेयरी फेडरेशन का प्रबंधन राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को सौंपने पर चर्चा की।
शाह के भोपाल प्रवास के दौरान इस मुद्दे पर फैसला लिया हो सकता है। उधर भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शहरी विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मिश्रा से उनके आवास पर मुलाकात की। इन मुलाकातों से भाजपा में काफी गर्माहट है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक भाजपा के संगठनात्मक महासचिव अजय जामवाल ने पार्टी की राज्य इकाई के नेताओं से मुलाकात की और प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए संभावित नामों पर फीडबैक लिया। जामवाल पहले ही केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट सौंप चुके हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए धर्मेन्द्र प्रधान भी भोपाल आने वाले हैं। उनके आने के बाद वे संगठन पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों से चर्चा कर किसी एक नाम सहमति बनाने का प्रयास करेंगे। कुल मिलाकर माना जा रहा है कि भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष अब शाह की सहमति से ही होने के आसार नजर आ रहा है।
