बच्चे हमारे प्रदेश के भावी कर्णधार, शिक्षा और विकास में नहीं आने देंगे कोई बाधा
मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर को दी 175 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को नरसिंहपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कहा कि राज्य सरकार बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश में आधुनिक शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार और विकास के नए द्वार खोले जा रहे हैं।
नरसिंहपुर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 42.52 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों को लगभग 175.14 करोड़ रुपए की लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत सीधा लाभ हितग्राहियों के खातों में पहुंचाया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 213.41 करोड़ रुपए की पेंशन राशि अंतरित की गई। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत 8 लाख 19 हजार विद्यार्थियों की स्कूल फीस के लिए 502 करोड़ रुपए जारी किए गए। योजना के तहत हितग्राहियों को निःशुल्क मालिकाना पट्टे की रजिस्ट्री वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने विद्यालय की 15 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया।
सांदीपनि विद्यालय प्राचीन गुरुकुल परंपरा का आधुनिक स्वरूप
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे सांदीपनि विद्यालय हमारी प्राचीन गुरुकुल परंपरा और गुरु-शिष्य संस्कृति का आधुनिक स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि गुरु हो तो सांदीपनि जैसा, शिष्य हो तो कृष्ण जैसा। सरकार का उद्देश्य हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों को आधुनिक भवन, बस, पुस्तकें और यूनिफॉर्म के साथ-साथ 75ः से अधिक अंक लाने पर लैपटॉप तथा स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान की जा रही है।
वर्ष 2027 घोषित किया गया युवा वर्ष
युवाओं और रोजगार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। अगले वर्ष पीएससी परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित होंगी। इसके अलावा, प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां की जा चुकी हैं और जल्द ही एक लाख से अधिक पदों पर नई भर्तियां की जाएंगी। चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आगामी वर्ष में राज्य में 12 नए मेडिकल कॉलेज भी खोले जाएंगे।
