शेयर बाजार में दशहरा के बाद लौटी बहार : 800 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी भी 23000 के पार
नई दिल्ली. शेयर बाजार के निवेशकों के लिए दशहरा अवकाश के बाद बुधवार बड़ी राहत लेकर आई. लगातार चल रहे उतार-चढ़ाव के बीच बाजार खुलते ही हर तरफ हरियाली छा गई. सेंसेक्स ने तेजी का रुख अपनाते हुए करीब 800 अंकों की दमदार छलांग लगाई. इसके साथ ही निफ्टी भी 23,000 के अहम जादुई आंकड़े को पार करने में कामयाब रहा. इस तूफानी रिकवरी ने उन निवेशकों का भरोसा फिर से जगा दिया है जो हालिया दबाव के चलते सहमे हुए थे. बाजार के इस रुख से साफ है कि घरेलू अर्थव्यवस्था में निवेशकों का भरोसा अभी भी कायम है.
बाजार में कारोबार की शुरुआत होते ही प्रमुख इंडेक्स काफी मजबूत नजर आए. सेंसेक्स सीधे 656.66 अंकों की शानदार बढ़त के साथ 74,499.56 के स्तर पर जा पहुंचा. इसी तरह निफ्टी 50 में भी 182.30 अंकों का तगड़ा उछाल देखा गया, जिससे ये 23,095.25 पर कारोबार करने लगा. इस शुरुआती तेजी का सबसे बड़ा कारण आईटी तथा बैंकिंग शेयरों में हुई बंपर खरीदारी रही. निवेशकों ने इन सेक्टरों में दिल खोलकर पैसा लगाया. निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.96 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ 618.45 अंक चढ़कर 32,134.75 पर आ गया. वहीं निफ्टी बैंक भी 162.55 अंकों की बढ़त के साथ 55,650.65 पर डटा रहा.
गिफ्ट निफ्टी से मिले थे अच्छे संकेत
बाजार के दिग्गजों को इस उछाल का अंदाजा सुबह ही लग गया था. चॉइस ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च वीपी सचिन गुप्ता ने बाजार खुलने से पहले ही इस बात के साफ संकेत दिए थे. उन्होंने बताया था कि गिफ्ट निफ्टी 75 अंक ऊपर 23,009 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. इससे भारतीय बाजारों की एक बेहद सकारात्मक शुरुआत का इशारा मिल रहा था. हालांकि, सचिन गुप्ता ने निवेशकों को आगाह भी किया था. उनका कहना था कि ये रिकवरी कितनी मजबूत होगी, ये बात पूरी तरह से वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की चाल व संस्थागत निवेशकों के फंड फ्लो पर निर्भर करेगी.
बाजार को मिला घरेलू निवेशकों का सहारा
मौजूदा समय में ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतें टेंशन दे रही हैं. इसके अलावा अमेरिका में बॉन्ड यील्ड में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार का मानना है कि इन बाहरी कारणों से बाजार पर कुछ समय के लिए दबाव जरूर बन सकता है. लेकिन इन सब के बावजूद भारतीय बाजार पूरी मजबूती से डटा हुआ है. इसका सबसे बड़ा कारण देश के भीतर मौजूद मजबूत लिक्विडिटी है. बड़ी कंपनियों के शेयरों का सही वैल्यूएशन निचले स्तर पर बाजार को एक बड़ा सहारा दे रहा है.
इन दो वजहों से लौटी बहार
बाजार में आई इस शानदार रिकवरी के पीछे मुख्य रूप से दो बड़ी वजहें काम कर रही हैं. पहली वजह है दूसरी तिमाही के दमदार नतीजे. आईटी व बैंकिंग सेक्टर की तमाम कंपनियों ने अपने दूसरी तिमाही के नतीजों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. दूसरी बड़ी वजह है इनका बेहद आकर्षक वैल्यूएशन. इसी शानदार मौके को देखते हुए घरेलू संस्थागत निवेशक किसी भी छोटी गिरावट पर इन शेयरों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं.
