महिला और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर बढ़ी सरगर्मी
भाजपा में संगठन स्तर पर नामों को लेकर तेज हुआ मंथन
भोपाल भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के बाद अब पार्टी के दो अहम मोर्चो महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के नए अध्यक्षों को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि इन दोनों मोर्चों की ताजपोशी बिहार चुनाव के बाद की जा सकती है। संगठन स्तर पर नामों को लेकर मंथन जारी है, वहीं दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार महिला मोर्चा की कमान विंध्य अंचल की सीधी से विधायक रीति पाठक को सौंपी जा सकती है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी यही पसंद है, और उनके नाम पर केंद्रीय नेतृत्व भी सहमति जता सकता है। रीति पाठक दो बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और वर्ष 2023 में उन्होंने सीधी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। संगठन में उनकी सक्रियता और स्वच्छ छवि उनके पक्ष में मानी जा रही है।
इधर, पार्टी के सबसे सक्रिय अंग भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद के लिए भी नामों की चर्चा चल रही है। इस दौड़ में ग्वालियर के प्रवीण शर्मा, तुष्मुल झा और भोपाल के अंशुल तिवारी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रवीण शर्मा को मुख्यमंत्री डा मोहन यादव का समर्थन प्राप्त है, वहीं तुष्मुल झा, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा के पुत्र हैं। अंशुल तिवारी वर्तमान में युवा मोर्चा की भोपाल इकाई के अध्यक्ष हैं और संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय माने जाते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री की पसंद से तय होगा नाम
पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन दोनों मोर्चों के अध्यक्षों के नाम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री की सहमति से तय किए जाएंगे। फिलहाल, पार्टी ने किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन संगठन में चर्चाओं का दौर तेज़ है। बिहार चुनाव के बाद दोनों मोर्चों में नई ऊर्जा के साथ टीम के गठन की उम्मीद जताई जा रही है।
