सरकार की जनहितैषी मंशा पर पलीता न लगाए अधिकारी
ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेसियों को शिवराज ने लगाया गले
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले के इछावर में आयोजित जनकल्याण शिविर में अधिकारियों को कड़े लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अधिकारी पॉजिटिव माइंडसेट (सकारात्मक सोच) के साथ काम करें और सरकार की जनहितैषी मंशा पर पलीता न लगाएं। इस कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ अधिकारी किसी न किसी बहाने से पात्र हितग्राहियों के नाम काट रहे हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा अब ऐसा ढर्रा बिल्कुल नहीं चलेगा। एक-एक आवेदन की बारीकी से जांच की जाएगी। किसी भी गरीब का हक नहीं मारा जाना चाहिए। अगर लापरवाही मिली तो सख्त कार्रवाई होगी।
कांग्रेसियों ने रोका काफिला
जनकल्याण शिविर के इतर क्षेत्र में एक दिलचस्प राजनीतिक शिष्टाचार का नजारा भी देखने को मिला। दरअसल, सीहोर में कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के लिए खाद की किल्लत, बीज की ऊंची कीमतों और फसल बीमा के मुद्दों को लेकर श्जय जवान, जय किसानश् के नारों के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। जैसे ही केंद्रीय कृषि मंत्री का काफिला वहां से गुजरा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सामने देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवा दी। चौहान गाड़ी से बाहर आए और उन्होंने विरोध कर रहे कांग्रेस नेताओं से न सिर्फ हाथ मिलाया, बल्कि मुस्कुराते हुए कहा कि आओ, गले लगो।
खाद, बीज की किल्लत, कार्रवाई का दिया आश्वासन
केंद्रीय मंत्री ने नारेबाजी कर रहे लोगों को शांत कराया और कांग्रेस नेताओं की पूरी बात तसल्ली से सुनी। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने खाद-बीज की किल्लत और फसल बीमा से जुड़ी समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री को अपना ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने इन मांगों पर यथोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
