सौ रूपए लेकर संगठन को मजबूत करेगी कांग्रेस
हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी फंड करेंगे एकत्रित
’भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को नई मजबूती देने के लिए प्लान-100 अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत पार्टी प्रदेश की हर विधानसभा सीट के 25 हजार घरों से 100-100 रुपये का सहयोग जुटाएगी। कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाना और संगठन को आत्मनिर्भर बनाना है।
कांग्रेस का यह अभियान जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर यह राशि एकत्र करेंगे, ताकि संगठन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो। इस अभियान के तहत हर विधानसभा सीट के 25 हजार घरों से 100-100 रुपये जुटाएगी. कांग्रेस कार्यकर्ता इसे घरों से इकट्ठा करके पार्टी फंड में जमा करेंगे।
जल्द घोषित होंगे ब्लॉक अध्यक्ष
कांग्रेस ने प्रदेश के करीब एक हजार ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की घोषणा करने की तैयारी भी कर ली है। 20 जिलों के ब्लॉक अध्यक्षों के नाम तय हो चुके हैं। एक सप्ताह में सभी ब्लॉकों के अध्यक्षों के नाम तय हो जाएंगे। वहीं, कांग्रेस के पचमढ़ी में होने वाले प्रशिक्षण शिविर के बाद 60 दिनों का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा, जिसमें पूरे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत कांग्रेस कमेटी और वार्ड कांग्रेस कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके लिए सभी नेताओं, पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
पचमढ़ी में प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस 2 नवंबर से पचमढ़ी में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही है। इसमें प्रदेश के 71 जिला कांग्रेस अध्यक्ष शामिल होंगे। इस शिविर में संगठनात्मक नियमों की जानकारी देने के साथ राजनीतिक प्रशिक्षण, योग, ध्यान और जापानी मार्शल आर्ट युयुत्सु की भी शिक्षा दी जाएगी। प्रशिक्षण शिविर के बाद कांग्रेस 60 दिनों का राज्यव्यापी कार्यक्रम घोषित करेगी। इसके तहत हर ग्राम पंचायत में पंचायत कांग्रेस कमेटी और हर वार्ड में वार्ड कांग्रेस कमेटी का गठन किया जाएगा।
