सम्मेलन में किसानों को दी जाएगी भावांतर योजना की जानकारी
भोपाल, नर्मदापुरम संभाग के ढ़ाई हजार किसान होंगे शामिल
भोपाल। राजधानी में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने भावांतर योजना की जानकारी देने के लिए किसानों का सम्मेलन बुलाया है। यह सम्मेलन कल शनिवार को आयोजित किया गया है। सम्म्मेलन में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के करीब ढ़ाई हजार किसान शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव की अगुवाई में शनिवार को भोपाल में किसान सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के करीब 2500 किसान शामिल होंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य किसानों को भावांतर योजना की विस्तृत जानकारी देना और उन्हें अधिक लाभ के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें उचित मूल्य दिलाने के लिए सतत प्रयासरत है। सम्मेलन में नर्मदापुरम, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, रायसेन एवं विदिशा जिले से किसान शामिल होंगे। सम्मेलन में किसानों को भावांतर योजना के संबंध में जानकारी दी जाएगी एवं योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। योजना अंतर्गत किसान 24 अक्टूबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक मंडी में फसल बेच सकेंगे। किसानों को 15 दिवस में भावांतर की राशि उनके आधार लिंक बैंक खातों में सीधे अंतरित की जाएगी।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत राशि जारी होगी आज
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल 18 अक्टूबर को राजगढ़ और सीहोर जिले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह ब्यावरा में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को 277 करोड़ रुपए की राहत राशि जारी करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ.यादव 33 करोड़ रुपए की लागत की ब्यावरा में नगर जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन भी करेंगे। इस मौके पर वह 193 करोड़ रुपए की लागत के 41 विकास कार्यों का भी भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री सीहोर जिले के बिलकिसगंज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह जिले के 2 लाख से अधिक किसानों को फसल क्षति की 118 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम किसानों के खाते में जारी करेंगे।
