दीपावली के बाद बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की तैयारी
20 वरिष्ठ अफसरों की जिम्मेदारियां बदलेंगी
भोपाल। दीपावली के बाद मध्यप्रदेश में एक और बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की तैयारी की जा रही है। सरकार से मिल रहे संकेतों के अनुसार, इस बार 15 से 20 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया जा सकता है। इसके तहत कई अहम विभागों को नए प्रमुख अधिकारी मिलेंगे, वहीं प्रदेश के प्रमुख महानगरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में अतिरिक्त एडीएम की तैनाती की जाएगी।
प्रशासनिक सर्जरी के तहत उद्यानिकी विभाग की डायरेक्टर प्रीति मैथिल नायक को केंद्र सरकार ने पांच साल के लिए प्रतिनियुक्त किया है। उनके रिलीव होते ही विभाग प्रमुख का पद खाली हो जाएगा, जिससे यहां नए डायरेक्टर की नियुक्ति तय मानी जा रही है। इसी प्रकार, महिला एवं बाल विकास विभाग की कमिश्नर सुफिया फारूखी वली (आईएएस, 2019 बैच) को भी एफसीआई में पांच साल की प्रतिनियुक्ति दी गई है। उनके ज्वाइन करते ही विभाग में नया कमिश्नर नियुक्त किया जाएगा। वहीं माध्यमिक शिक्षा मंडल में भी लंबे समय से सचिव का पद रिक्त है। पूर्व सचिव आईएएस आकाश त्रिपाठी के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद अब तक प्रभार में चल रहा है। प्रशासन अब यहां स्थायी सचिव की नियुक्ति करने की तैयारी में है।
बड़े शहरों में एडीएम पदों पर नियुक्तियां संभावित
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में एडीएम पदों की कमी को लेकर लगातार मांग उठ रही थी। सूत्रों के अनुसार, सरकार इन शहरों में एडीएम के स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ा सकती है। वर्तमान में राजधानी भोपाल में चार स्वीकृत पदों में से तीन (प्रकाश नायक, अंकुर मेश्राम और पीसी शाक्य) भरे हुए हैं, जबकि एक पद रिक्त है। अन्य शहरों में भी रिक्त पदों पर जल्द ही नई नियुक्तियां संभावित हैं।
बदलाव से प्रशासन को मिलेगी नई दिशा
दीपावली के बाद होने वाली यह प्रशासनिक सर्जरी मध्यप्रदेश की नौकरशाही में बड़े फेरबदल के रूप में देखी जा रही है। लंबे समय से खाली पदों पर योग्य अधिकारियों की नियुक्ति से न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है, बल्कि इससे शासन को नई ऊर्जा और दिशा भी मिल सकती है।
