कांग्रेस ने किया केन्द्रीय मंत्री शिवराज के बंगले पर प्रदर्शन
0
भावांतर योजना का विरोध, किसानों को किया जा रहा गुमराहभोपाल। राजधानी भोपाल में किसान कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सरकारी आवास के सामने किया गया। किसानों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान’ सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता गेहूं की बोरियों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने भावांतर योजना की जगह सीधे समर्थन मूल्य पर फसल खरीद की मांग को लेकर सड़क पर गेहूं बिखेर कर विरोध जताया और शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की मांग की। इससे पहले किसान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां से जीतू पटवारी और कांग्रेस नेता किसानों के साथ शिवराज सिंह चौहान के बंगले की ओर पैदल रवाना हुए। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने रेड क्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। पुलिस ने सड़क पर वाहन खड़े कर रास्ता रोकने की कोशिश की, पर कार्यकर्ता लगातार आगे बढ़ते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारी शिवराज सिंह चौहान के आवास तक पहुंचने में सफल रहे। मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जीतू पटवारी सहित 4-5 कांग्रेस नेताओं को अंदर बुलाकर चर्चा की। हल्की झड़प, सड़क पर बिखर गए गेहूंइस बीच कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता कंधों पर गेहूं की बोरियां लेकर बंगले के अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर हल्की झड़प की स्थिति बन गई, जिसमें एक बोरी फटने से गेहूं सड़क पर फैल गया। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया।सीधे भाव देने की चाहते हैं व्यवस्थाप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भावांतर योजना के जरिए शिवराज सिंह चौहान पहले भी किसानों को ठग चुके हैं और अब एक बार फिर सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। हम सीधे भाव देने की व्यवस्था चाहते हैं, न कि खोखले वादों का पुलिंदा।
