’भारत जोड़ो’ तर्ज पर कांग्रेस निकालेगी पदयात्रा
दिग्विजय सिंह करेंगे रणनीति तैयार
भोपाल। कांग्रेस की ऐतिहासिक ’भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर अब मध्यप्रदेश में भी पदयात्रा निकाली जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस संबंध में जिला प्रभारियों की बैठक में प्रस्ताव पेश किया, जिसे बैठक में सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस यात्रा की रूपरेखा और रणनीति दिग्विजय सिंह स्वयं तैयार करेंगे। पदयात्रा के माध्यम से प्रदेश में जनता से जुड़े अहम मुद्दों को उठाया जाएगा और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, यह यात्रा 28 दिसंबर से शुरू की जाएगी, जो कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस भी है। पदयात्रा महात्मा गांधी की पुण्यतिथि, 30 जनवरी तक चलेगी।
गौरतलब है कि ’भारत जोड़ो यात्रा’ का ब्लूप्रिंट भी दिग्विजय सिंह ने ही तैयार किया था, जिसे राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक सफलतापूर्वक पूरा किया। उस यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने दर्जनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनसभाएं और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थीं।
पदयात्रा देगी नई ऊर्जा
प्रदेश कांग्रेस को उम्मीद है कि यह प्रदेशव्यापी पदयात्रा संगठन को नई ऊर्जा देगी और आगामी चुनावी रणनीति में सहायक सिद्ध होगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक बूथ से दूसरे बूथ तक यात्रा निकालने से संगठन की जड़ें मजबूत होंगी और पार्टी को भी व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
