सिवनी एसडीओपी पूजा पांडे को किया निलंबित
पुलिस मुख्यालय ने जारी किए आदेश
भोपाल। सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में पुलिस पर हवाला की करीब डेढ़ करोड़ रुपए की राशि हड़पने और व्यापारी के कर्मचारियों के साथ मारपीट मामले में आज एक और बड़ी कार्रवाई हुई। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने एसडीओपी पूजा पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इससे पहले एक एसआई समेत 9 पुलिसकर्मियों को संस्पेंड कर दिया गया था।
मामले में बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार और गुरुवार (8-9 अक्टूबर) की दरम्यानी रात को कार्रवाई को अंजाम दिया था। पुलिस ने महाराष्ट्र के जालना निवासी ज्वेलर सोहन परमार के कर्मचारियों से हवाला का लगभग 3 करोड़ रुपए कैश जब्त किया था। सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई की जानकारी एसडीओपी पूजा पांडे (तत्कालीन) को भी थी और उनके निर्देश पर अधिकारी मौके पर मौजूद थे। हालांकि, जब्ती के बाद मामला उलझ गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर करीब डेढ़ करोड़ रुपए की रकम हड़प ली और बाकी रकम जब्त दिखाई। इसके बाद कर्मचारियों को कथित रूप से धमका कर मौके से भगा दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी सोहन परमार सिवनी कोतवाली पहुंचे और पुलिस पर लूट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रमोद वर्मा ने 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित अधिकारियों में उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, पुलिस आरक्षक और ड्राइवर शामिल हैं। वहीं अब इस मामले में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने एसडीओपी पूजा पांडे को निलंबित किया है।
