महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन
भोपाल। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की पुरानी प्रदेश कार्यकारिणी और सभी जिला अध्यक्षों को भंग कर दिया गया है। इसके बाद अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है।
नई कार्यकारिणी में विभा पटेल प्रदेश अध्यक्ष, नूरी खान कार्यकारी अध्यक्ष, सुमिता मिश्रा उपाध्यक्ष, मनीषा रावत उपाध्यक्ष, सुनीता गावंडे पर्यवेक्षक के अलावा 36 महासचिव भी नियुक्त किए गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में महिला कांग्रेस की पहली कार्यकारिणी बैठक हुई। बैठक में संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की गई। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस और प्रदेश कमेटी मिलकर पर्यवेक्षक नियुक्त करेंगे, जो पूरे प्रदेश के जिलों का दौरा करेंगे। ये पर्यवेक्षक जिला स्तर पर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर नए जिलाध्यक्षों के लिए पैनल तैयार करेंगे।
नवंबर में होंगे जिला अध्यक्ष घोषित
सक्रिय और नेतृत्व क्षमता वाली महिला को जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाएगा। यह प्रक्रिया अक्टूबर अंत तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि नवंबर के पहले सप्ताह में नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद महिला कांग्रेस राज्यभर में भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के विरोध में राज्यव्यापी जन आंदोलन शुरू करेगी।
