दिवाली के पहले घोषित हो सकती है नई कार्यकारिणी
पूरी हुई मंथन प्रक्रिया, केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी का इंतजार
भोपाल। प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी को लेकर लंबे समय से जारी मंथन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा के बाद नई कार्यकारिणी की सूची तैयार कर ली है। यह सूची अनुमोदन के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि दीपावली से पहले नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
गौरतलब है कि हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष बने तीन माह से अधिक हो चुके हैं। वे 2 जुलाई को इस पद पर नियुक्त हुए थे और तब से ही पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा की टीम के साथ कार्य कर रहे हैं। बीते तीन महीनों में खंडेलवाल ने संगठन को धार देने के लिए लगातार प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं से संवाद किया है। सूत्रों के अनुसार, इस बार की कार्यकारिणी में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। वीडी शर्मा की टीम में शामिल लगभग 60 फीसदी पदाधिकारियों को बदला जा सकता है। संगठन में नए चेहरों को मौका देने की रणनीति पर काम किया गया है।
पुराने संगठन मंत्रियों की हो सकती है वापसी
पार्टी सूत्रों की मानें तो वर्ष 2021 में हटाए गए कुछ पूर्व संभागीय संगठन मंत्रियों की नई कार्यकारिणी में वापसी हो सकती है। उस समय तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शैलेंद्र बरुआ (जबलपुर-होशंगाबाद), आशुतोष तिवारी (भोपाल-ग्वालियर), जितेंद्र लिटोरिया (उज्जैन), श्याम महाजन (रीवा-शहडोल), जयपाल चावड़ा (इंदौर) और केशव सिंह भदौरिया (सागर-चंबल) को पद से हटाकर प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया था। इनमें से केशव भदौरिया को छोड़ शेष पांच नेताओं को राज्य सरकार ने निगम-मंडलों में समायोजित कर मंत्री का दर्जा दिया था। अब इन अनुभवी नेताओं को पुनः संगठन में सक्रिय भूमिका देने की संभावना जताई जा रही है।
