वोटचोर, गद्दी छोड़ अभियान के तहत 46 लाख हस्ताक्षर कराएगी कांग्रेस
हर विधानसभा में 20 हजार हस्ताक्षरों का लक्ष्य
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 46 लाख हस्ताक्षर जुटाने का बड़ा लक्ष्य तय किया है। इस अभियान को लेकर पार्टी ने कमर कस ली है और सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस की हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में इस हस्ताक्षर अभियान की प्रगति और रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी की योजना है कि 15 अक्टूबर’ तक यह अभियान चलाया जाएगा, हालांकि दीपावली के कारण इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। हर विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विधानसभा प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। सभी जिलों में इस अभियान को लेकर बैठकें संपन्न हो चुकी हैं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। अभियान के अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को वोट चोरी के मुद्दे पर जानकारी देंगे और उनसे समर्थन स्वरूप हस्ताक्षर करवाएंगे। कांग्रेस का दावा है कि यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में भाजपा पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए थे। इन्हीं आरोपों के आधार पर कांग्रेस ने देशव्यापी अभियान शुरू किया है। पहले चरण में जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए गए थे और अब दूसरे चरण में यह हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि जनता की आवाज है, जिसे दिल्ली तक पहुंचाया जाएगा।
