स्मार्ट मीटर में पाकिस्तान कनेक्शन, सिंघार ने उठाए सवाल
कंपनी में पदाधिकारी हैं पाकिस्तानी नागरिक
भोपाल। प्रदेश भर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर में पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल खड़े किए हैं। सिंघार ने आरोप लगाया है कि मध्य प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका सरकार ने जिस सऊदी अरब की कंपनी अल्फानार कंपनी को दिया है, उसके पदाधिकारी पाकिस्तानी नागरिक है।
उन्होंने आशंका जाहिर की है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों से उनके तमाम दस्तावेज लिए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर पाकिस्तान जैसे दुश्मन देशों के पास पहुंचेंगे। सिंघार ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में अभी तक 24 लाख 96 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का काम सऊदी अरब की अलफानार ग्रुप को दिया हैं प्रदेश की पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कंपनी को 897 करोड़ और मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अल्फानार को 1100 करोड़ का ठेका दिया है. जबकि अल्फानर के प्रमुख पदों पर पाकिस्तानी नागरिक पदस्थ हैं। इसके प्रोजेक्ट मैनेजर पाकिस्तान के जहर इकबाल शाह और संपर्क अधिकारी नईम अब्बास पाकिस्तान नागरिक है. अल्फानार कंपनी ने अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान सरकार के साथ एक एमओयू भी साइन कर ओवरसीज रोजगार कॉरपोरेशन स्थापित किया है.
सक्षम अधिकारी से नहीं ली अनुमति
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के नियमों के मुताबिक देश की सीमा साझा करने वाले देश की कंपनी को भारत में टेंडर लेने के पहले भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेनी होती है, लेकिन कंपनी ने इसकी अनुमति नहीं लीं जबकि कंपनी की सहायक कंपनियां पाकिस्तान और बांग्लादेश में कार्यरत हैं। जबकि कंपनी को टेंडर दिए जाने को लेकर थिंक टैंक इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम ने ऊर्जा मंत्रालय को चेतावनी दी थी।
