ड्रग कंट्रोलर को हटाया, तीन औषधि निरीक्षक निलंबित
कफ सिरप से बच्चों की मौत, मुख्यमंत्री हुए सख्त
भोपाल। छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत मामले में सरकार ने ड्रग कंट्रोलर दिनेश मौर्य हटा दिए गए हैं। वहीं औषधि निरीक्षक समेत 3 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि छिंदवाड़ा प्रकरण में सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार सजग और संवेदनशील है। मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार ने छिंदवाड़ा औषधि निरीक्षक गौरव शर्मा, जबलपुर औषधि निरीक्षक शरद कुमार जैन, उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन शोभित कोस्टा को निलंबित कर दिया है। साथ ही ड्रग कंट्रोलर दिनेश मौर्य का दूसरी जगह ट्रांसफर कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा प्रकरण के संबंध में सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान चलाकर घर-घर से रिकवर करें प्रतिबंधित दवा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कोल्ड्रिफ सिरप के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही दुकानों में मौजूद स्टॉक जब्त किया जाए। छिंदवाड़ा और आसपास के जिलों में जिन परिवारों ने यह दवा ली है, उनके घरों से दवा रिकवर करने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं के साथ ही सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग लिया जाए। कोल्ड्रिफ सिरप दवा के अलावा पिछले दिनों क्षेत्र में बिकने वाली अन्य दवाओं की प्रभावशीलता का भी आंकलन कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दवाओं पर जो चेतावनी और सावधानियां लिखी जानी चाहिए, वह लिखी जा रही हैं या नहीं इसकी जांच के लिए अभियान आरंभ किया जाए। इन नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाए। चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कॉम्बिनेशन ड्रग नहीं देने की व्यवस्था है, जो डॉक्टर इस व्यवस्था का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर भी कार्यवाही की जाए।
चिकित्सकों के संगठन और केमिस्ट एसोसिएशन का लिया जाए सहयोग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंडियन एसोसिएशन ऑफ पैडियाट्रिक्स सहित चिकित्सकों के विभिन्न संगठनों और केमिस्ट एसोसिएशन के सहयोग से आवश्यक सावधानियां अपनाने और जागरूकता फैलाने के लिए कदम उठाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऐसी स्थिति दोबारा न बने इसके लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कोल्ड्रिफ सिरप की निर्माता कंपनी पर कार्यवाही के लिए तमिलनाडु राज्य सरकार को घटनाक्रम से अवगत कराने के निर्देश भी को दिए।
