स्मार्ट मीटर के खिलाफ 6 अक्टूबर को भोपाल में आंदोलन
भोपाल। प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। इस कड़ी में आगामी 6 अक्टूबर को राजधानी भोपाल में बड़ा प्रदर्शन होने वाला है। मध्यप्रदेश बिजली उपभोक्ता एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेशभर से उपभोक्ता डॉ. अंबेडकर पार्क में जुटेंगे।
इस प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ता सरकार के सामने अपनी 11 मांगें रखेंगे। इन मांगों में 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने और बिजली दरें घटाने जैसी बड़ी मांगें शामिल हैं। संगठन की बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई, जिसमें प्रदेश संयोजक रचना अग्रवाल और लोकेश शर्मा ने बताया कि यह विरोध किसी राजनीतिक स्वार्थ का हिस्सा नहीं बल्कि, आम लोगों की जीवन-मरण जैसी जरूरी समस्या से जुड़ा है। बैठक में उपभोक्ताओं ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में असामान्य बढ़ोतरी हुई हैं। भोपाल में कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो हर महीने बिल भरते रहे, लेकिन फिर भी किसी का 10 हजार तो किसी का 20 हजार और किसी का 29 हजार रुपए तक का बिल आ गया। वहीं, ग्वालियर में एक कमरे के घर में रहने वाले उपभोक्ता का बिल 5 हजार तक पहुंच गया। कुछ उपभोक्ताओं ने तो यह भी बताया कि उनके घर पर एक ही महीने में दो बार बिल आया और दोनों बार 6-6 हजार रुपए का था। प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ता सरकार के सामने अपनी 11 प्रमुख मांगें रखेंगे।
