अप्राकृतिक मौतों का सबसे बड़ा कारण सड़क दुर्घटनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा हेलमेट न पहनने की लापरवाही का नुकसान पूरा परिवार भुगतता है
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हेलमेट न पहनने की छोटी सी लापरवाही का नुकसान पूरा परिवार भुगतता है। आंकड़े बताते हैं कि देश में अप्राकृतिक मौतों का सबसे बड़ा कारण सड़क दुर्घटनाएं हैं। इसमें भी अधिकांश मौतें लापरवाही या तेज गति से वाहन चलाने, हेलमेट न पहनने या सीट बेल्ट नहीं लगाने से होती हैं। जिम्मेदार नागरिक होने के साथ परिवार के महत्व और दायित्व को समझते हुए अपनी स्वयं की सुरक्षा के लिए सभी वाहन चालकों का सचेत रहना जरूरी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए शनिवार को सेवा पखवाड़ा अंतर्गत अटल पथ पर आयोजित निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रही है। आज 2100 युवाओं को हेलमेट वितरित किए जा रहे हैं। भारत विश्व का सबसे युवा देश है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी युवा शक्ति ने विश्व के सम्मुख कई क्षेत्रों में विशेष पहचान बनाई है। अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना भी युवाओं का दायित्व है। यह आवश्यक है कि सड़कों पर तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, यही एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य भी है।
राहवीर योजना में 25 हजार रुपए के प्रोत्साहन की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में तत्परतापूर्वक आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। मानवीय संवेदनाओं को दृष्टिगत रखते हुए सड़क हादसे के किसी घायल को अस्पताल पहुंचाने पर राज्य सरकार उस जिम्मेदार नागरिक को राहवीर योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है। साथ ही प्रदेश में सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों के पालन से संबंधित विशेष अभियान संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार प्रदेश के हर नागरिक की बेहतरी के लिए प्रयासरत है, इसी के दृष्टिगत प्रदेश में सुशासन पर केन्द्रित सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
हेलमेट वितरण के दौरान छीना-छपटी
फ्री हेलमेट वितरण के दौरान लोगों की आपस में छीना-झपटी भी की गई। कार्यक्रम के दौरान वाहन रैली के बाद यहां हेलमेट के लिए लोगों के बीच छीना-झपटी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। जिला प्रशासन की फ्री में हेलमेट बांटने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे थे। बताया जाता है कि कई लोग तो काउंटर से ही हेलमेट के बाक्स लेकर भाग गए। कई लोग हेलमेट वाले ट्रक का पीछा करते देखे गए।
