स्वदेशी अपनाओ, देश और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाओ
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से किया आह्वान स्वदेशी वस्तुओं के क्रय-विक्रय को करें प्रोत्साहित
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वदेशी अपनाओ-मध्यप्रदेश समृद्ध बनाओ, स्वदेशी अपनाओ-देश को आत्मनिर्भर बनाओ के संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि हमें गांव-गावं, शहर-शहर स्वदेशी का अभियान चलाना है। प्रदेशवासी स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों पर गर्व करें और गर्व से कहें कि हम स्वदेशी हैं। प्रदेश के छोटे दुकानदार, व्यापारी स्वदेशी वस्तुओं के क्रय-विक्रय को प्रोत्साहन दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे स्तर पर वस्तुओं के निर्माता अपने ढंग से अपनी क्षमता, योग्यता और कौशल के आधार पर स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन में अपनी मेहनत लगाते हैं। इससे हमारी हजारों सालों से चली आ रही आत्मनिर्भरता की परम्परा भी जीवित रहती है। स्वदेशी वस्तुओं की सुंगध और प्रभाव ही अलग है, यह सामग्री कई लोगों को रोजगार का अवसर देकर गरीब परिवारों के जीवनयापन का माध्यम बनती है और देश की आर्थिक समृद्धि का मार्ग भी स्वदेशी से ही प्रशस्त होता है।
मेलिओइडोसिस की रोकथाम के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धान किसानों की चिंता करते हुए टीबी जैसे लक्षणों वाले घातक रोग ’मेलिओइडोसिस’ की रोकथाम के उपाय किये जाने पर गंभीर रूख अपनाया है। उन्होंने इस संबंध में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और कृषि विभाग को साथ मिलकर जांच और उपचार रोकथाम के लिए यथोचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि किसानों और आमजन का स्वास्थ्य और समृद्धि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मध्यप्रदेश सरकार गरीब, किसान और वंचित वर्गों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संभावित और प्रभावित क्षेत्रों में इन प्रकरणों की जांच करें। इसकी रोकथाम के लिए कृषकों को सजग और जागरूक करें। यदि कोई कृषक या व्यक्ति चिन्हांकित होता है, तो उसके समुचित उपचार के प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करें।
राजधानी में दिखा असर, लगने लगे बोर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के आह्वान का असर राजधानी में दिखाई देने लगा है। भोपाल के खुदरा व्यापारियों ने व्यापक स्तर पर अपनी दुकानों पर बोर्ड लगाने शुरू कर दिए हैं। इन बोर्डों पर स्पष्ट संदेश लिखा है यहां स्वदेशी सामान मिलता है। यह कदम आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। भोपाल के किराना व्यापारी संघ के महामंत्री विवेक साहू ने इस अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वदेशी सामान खरीदने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, भारत की होगी उन्नति। उन्होंने बताया कि यह न केवल स्थानीय उत्पादकों को समर्थन देगा, बल्कि विदेशी उत्पादों पर निर्भरता को कम करके देश की आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा मिलेगा।
