ग्लव्स नहीं मिले तो जिला अध्यक्ष पर भड़के विधायक
स्वच्छता अभियान के दौरान सफाई के लिए गए थे
भोपाल। स्वच्छता अभियान में शामिल होने पहुंचे भाजपा विधायक नरेन्द्र कुशवाह को जब सफाई अभियान के दौरान ग्लव्स नहीं मिले तो वे अपनी ही पार्टी के जिला अध्यक्ष के खिलाफ भड़क गए। दोनों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी, जिसे वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शांत कराया।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भिंड में भी स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सांसद संध्या राय, विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया सहित कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विधायक और सांसद को ग्लव्स उपलब्ध नहीं कराए गए, जिस पर विधायक नाराज़ हो गए। विधायक की नाराज़गी देख जिलाध्यक्ष ने कहा कि आप लेट आए, इसलिए ग्लव्स नहीं मिले। इस पर विधायक भड़क गए और जवाब दिया कि सांसद को भी ग्लव्स नहीं मिले, वह भी लेट आई थीं। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा।
हाल ही में कलेक्टर से हुआ था विवाद
भिंड विधायक नरेन्द्र कुशवाह वैसे तो लगातार सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में खाद की समस्या को लेकर वे भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के सरकारी आवास पर प्रदर्शन के दौरान भिड़ गए थे। यह मामला मुख्यमंत्री तक भी पहुंचा था। तब कुशवाह को भाजपा संगठन ने भोपाल बुलाकर समझाइश भी दी थी, मगर उनकी कार्यशैली में बदलाव नजर नहीं आ रहा है।
