इंदौर, उज्जैन के बाद जबलपुर में शुरू होगी सरकारी बसें
शहरों में भी चरणबद्ध विस्तार की तैयारी, रूट सर्वे का कार्य प्रगति पर’
भोपाल। प्रदेश में आधुनिक और संगठित लोक परिवहन सेवा की बहुप्रतीक्षित शुरुआत आगामी मार्च-अप्रैल 2026 से की जाएगी। सबसे पहले इंदौर से इसका संचालन किया जाएगा, इसके बाद उज्जैन, जबलपुर और फिर रीवा, सागर, ग्वालियर, भोपाल सहित अन्य प्रमुख शहरों में सेवा का चरणबद्ध विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत आगामी छह माह में इन शहरों में लोक परिवहन सेवा शुरू करने की तैयारी जोरों पर है।
प्रारंभिक चरण में 50 से 100 किलोमीटर की दूरी तक बसें संचालित की जाएंगी। सुविधाओं का परीक्षण कर भविष्य में रूट और दूरी दोनों का विस्तार किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में रूट सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कई स्थानों पर यह प्रक्रिया प्रगति पर है। लोक परिवहन सेवा को सुदृढ़ बनाने हेतु सरकार राज्य स्तर पर एक होल्डिंग कंपनी की स्थापना कर रही है, जिसके अंतर्गत सात संभागीय मुख्यालयों पर क्षेत्रीय सहायक कंपनियां बनाई जाएंगी। इन कंपनियों के माध्यम से नगरीय निकायों द्वारा संचालित वर्तमान बस सेवाओं को भी संगठित कर एकीकृत प्रणाली में लाया जाएगा।
सहायक कंपनियों के नियंत्रण में रहेगी सभी सेवाएं
भोपाल में वर्तमान में भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) द्वारा बसों का संचालन किया जा रहा है, वहीं इंदौर सहित अन्य शहरों में निजी ऑपरेटरों के माध्यम से बसें चलाई जा रही हैं। भविष्य में सभी सेवाओं को सहायक कंपनियों के नियंत्रण में लाया जाएगा, जिससे प्रबंधन और संचालन अधिक कुशल हो सकेगा।
इंदौर, जबलपुर में श्रेणियों के निर्धारण का कार्य अंतिम चरण में
उज्जैन में रूट सर्वे लगभग पूर्ण हो चुका है, जबकि इंदौर और जबलपुर में बसों की संख्या और श्रेणियों के निर्धारण का कार्य अंतिम चरण में है। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभ में निजी बस ऑपरेटरों से अनुबंध कर बसें चलाई जाएंगी, जबकि भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता दी जाएगी।
