संगठन मजबूती के बीच कांग्रेस में बढ़ी खींचतान
सिंघार को मुख्यमंत्री बनाने की उठी मांग, भाजपा ने कहा कांग्रेस में हास्यास्पद स्थिति
भोपाल। संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस में इन दिनों गुटबाजी भी बढ़ती जा रही है। 2028 के विधानसभा चुनाव के पहले ही समर्थक अपने नेता को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करने में जुट गए हैं। ये मांग अनूपपुर दौरे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के समर्थकों ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठा दी। इसे लेकर सियासत भी तेज हुई और कांग्रेस ने कहा मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में सिंघार भी शामिल हो सकते हैं।
प्रदेश कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के पहले ही मुख्यमंत्री पद को लेकर नेताओं के समर्थक अपने नेता को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करने लगे। यह सब उस वक्त देखने को मिला जब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार अनूपपुर के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थक कुछ इस तरह उत्साहित हुए कि वे सिंघार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करते नजर आए। वहीं सिंघार ने इसे कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान बताते हुए कहा कि, 2028 अभी बहुत दूर है। मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। मगर इसे लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी ष्शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता मजबूत और इस पद के दावेदार हैं। उमंग सिंघार, कमलेश्वर पटेल, जीतू पटवारी, जयवर्धन सिंह सभी योग्य दावेदार है। कांग्रेस में मुख्यमंत्री को विधायक दल ही चुनता है।
भाजपा ने कसा तंज
सिंघार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठने पर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के अंदर तलवारे खींच चुकी है। जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, अरुण यादव चाहते हैं मैं मुख्यमंत्री का दावेदार बन जाऊं। कांग्रेस के अंदर एक अनार सौ बीमार वाले हालात है। एक दूसरे को पटखनी देने के लिए अभी से शुरू हो गए है। वहीं मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अभी ना चुनाव है और ना चुनाव की स्थिति है, लेकिन कांग्रेस में हास्यास्पद स्थिति है। राहुल गांधी सृजन के लिए आये थे लेकिन रोज विसर्जन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री, मंत्री और मंत्री के बंगले में माली कौन होगा इसकी भी लिस्ट बना रही है।
