मंत्रियों को घेरने कांग्रेस ने प्रवक्ताओं को सौंपे दायित्व
भोपाल। प्रदेश में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है और इसी कड़ी में कांग्रेस ने सरकार के मंत्रियों को घेरने के लिए आक्रामक रणनीति अपनाई है। पार्टी ने मुख्यमंत्री सहित उप मुख्यमंत्री और अन्य प्रमुख मंत्रियों पर नजर रखने के लिए प्रवक्ताओं की विशेष टीम गठित की है।
मुख्यमंत्री पर फोकस करते हुए कांग्रेस ने पांच प्रवक्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें भूपेंद्र गुप्ता, अजीत भदौरिया, अभिनव बरोलिया, आनंद जाट और अपराजिता पांडे शामिल हैं। इनका कार्य मुख्यमंत्री के विभागीय कार्यों और क्षेत्रीय गतिविधियों पर नजर रखना, सूचना के अधिकार के तहत जानकारी जुटाना और मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से सरकार को घेरना होगा। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पर नजर रखने के लिए मिथुन अहिरवार, रोशनी यादव और समर सिंह को दायित्व सौंपा गया है, वहीं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला को घेरने की जिम्मेदारी राम पांडे, डॉ. विनोद शर्मा और रितेश त्रिपाठी को दी गई है। इसके अलावा, गोविंद राजपूत, निर्मला भूरिया, कैलाश विजयवर्गीय, विश्वास सांरग और विजय शाह जैसे प्रमुख मंत्रियों के लिए भी तीन-तीन प्रवक्ताओं की टीमें बनाई गई हैं। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार की निगरानी की जिम्मेदारी छात्र नेता एवं प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी और संदीप सबलोक को मिली है, जबकि लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह पर नजर रखने की जिम्मेदारी रवि सक्सेना और संतोष परिहार को दी गई है।
