दशहरे के बाद मुख्यमंत्री करेंगे कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दशहरे के बाद प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी, आईजी और कमिश्नरों के साथ एक कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह कांफ्रेंस नवरात्रि के बाद होगी।
मुख्य सचिव अनुराग जैन के कार्यकाल के विस्तार के बाद होने वाली इस कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में विजय 2047 डॉक्यूमेंट के साथ आगामी तीन सालों की कार्ययोजना पर सरकार का फोकस रहेगा। अधिकारियों को तीन सालों की प्राथमिकता वाले कार्यों और परियोजनाओं की जानकारी देकर उन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। पहले यह कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस इसी महीने 19 और 20 सितंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन नवरात्रि पर्व की तैयारियों और कानून व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इसे अब 2 अक्टूबर (दशहरे के बाद) आयोजित करने का निर्णय मुख्यमंत्री ने लिया है। आज कैबिनेट बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दशहरे के बाद भोपाल में दो दिवसीय कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। यह कॉन्फ्रेंस फिजिकल रूप से आयोजित की जाएगी, जिसमें कलेक्टर, एसपी, कमिश्नर, आईजी और पुलिस कमिश्नर शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे कॉन्फ्रेंस से पहले अपने-अपने विभागों की विस्तृत समीक्षा करें, ताकि जिन क्षेत्रों में प्रदर्शन कमजोर है, वहां सुधार लाया जा सके।
