मंत्री, विधायकों के कामकाज की होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री करेंगे वन-टू-वन चर्चा, लेंगे फीडबैक
भोपाल। प्रदेश की मोहन सरकार के 20 महीने पूरे होने के साथ ही अब मंत्रियों और विधायकों के कामकाज की गहन समीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही सभी मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। इसके लिए मंत्रियों और विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर लिया गया है। चर्चा है कि अक्टूबर माह में इस पर विस्तृत बैठकें होंगी।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री की इन बैठकों में न केवल 20 महीनों के काम की समीक्षा की जाएगी, बल्कि प्रत्येक विधायक से आगामी चार वर्षों का रोडमैप भी मांगा जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के आधार पर कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। प्रदेश में हाल ही में आए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष के दौरे के बाद सरकार की कार्यशैली पर केंद्र की नजर और भी पैनी हो गई है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नॉन-परफॉर्मिंग मंत्रियों को बख्शा नहीं जाएगा। कमजोर प्रदर्शन वाले मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर किए जाने के भी संकेत दिए गए हैं।
फिर तेज हुई मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें
रिपोर्ट कार्ड तैयार होने के साथ ही एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो तीन से चार नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। वहीं, जो मंत्री विवादों में घिरे रहे हैं या जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
