भाजपा संगठन में वरिष्ठों के वारिसों को मिलेगा स्थानसत्ताधारी नेताओं के परिजनों से बनाई जाएगी दूरी
भोपाल। प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक पुनर्गठन का सिलसिला तेज हो गया है। एक ओर जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया चल रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश कार्यकारिणी गठन की तैयारी में भी नेता जुटे है। इस बीच भाजपा ने एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत पर अमल करते हुए नए सिरे से नियुक्तियां करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अगुवाई में संगठन में उम्रदराज नेताओं और दिवंगत नेताओं के परिजनों को सक्रिय करने की रणनीति पर काम हो रहा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेश और जिला कार्यकारिणियों में ऐसे चेहरों को मौका देने की तैयारी है, जिनका भाजपा से पारिवारिक जुड़ाव रहा है, लेकिन जो अब तक संगठन में हाशिए पर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस दिशा में सहमति बनी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में आधा दर्जन से अधिक वरिष्ठ और दिवंगत नेताओं के परिजन भाजपा में नई जिम्मेदारियों के साथ सक्रिय नजर आ सकते हैं।
खुल सकती है इन चेहरों की किस्मत
भाजपा सूत्रों के अनुसार, जिन नामों पर विचार चल रहा है उनमें पूर्व मंत्री गौरीशंकर शेजवार के पुत्र मुदित शेजवार, पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण शर्मा के पुत्र शैलेन्द्र शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के पुत्र तुष्मुल झा, पूर्व मंत्री माया सिंह के पुत्र पीतांबर प्रताप सिंह, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के पुत्र मंदार महाजन, कांग्रेस से भाजपा में लौटे पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र हर्ष चौहान हैं। इन नामों को संगठन में जिम्मेदारी दिए जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
सक्रिय नेताओं के परिजनों को झटका
हालांकि, पार्टी के एक व्यक्ति, एक पद सिद्धांत का असर सक्रिय नेताओं के परिजनों पर भी पड़ सकता है। हाल ही में मउगंज जिला कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष राहुल गौतम से इस्तीफा ले लिया गया, क्योंकि उनके पिता गिरीश गौतम विधायक हैं। माना जा रहा है कि यदि पार्टी इस निर्णय पर अडिग रही, तो कई दिग्गज नेताओं के पुत्रों की संगठन में दावेदारी कमजोर पड़ सकती है।
इन नेताओं के परिजन हो सकते हैं निराश
एक व्यक्ति एक पद के फैसले के चलते पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत मलैया के पुत्र सिद्धार्थ मलैया, गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के पुत्र देवेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की पुत्री डॉ. निवेदिता रत्नाकर, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा के पुत्र सुकर्ण मिश्रा, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पुत्र आकाश राजपूत, मंत्री तुलसी सिलावट के पुत्र नितेश सिलावट, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश विजयवर्गीय को संगठन में पद देने से फिलहाल दूर रखा जा सकता है।
