कांग्रेस ने भी जिला कार्यकारिणी गठन के लिए बढ़ाई सक्रियता
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब जिला कार्यकारिणी गठन को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। इसे लेकर नेताओं की बैठकों का दौर तेज हो चला है। माना जा रहा है कि सितंबर माह में कांग्रेस जिला कार्यकारिणी का गठन करेगी।
प्रदेश में 72 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद कांग्रेस अब जिला कार्यकारिणी गठन की तैयारी में जुट गई है। कुछ स्थानों पर जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद उपजे विरोध को देखते हुए कांग्रेस अभी से जिला कार्यकारिणी गठन में विरोध से बचने का प्रयास भी कर रही है। इसके लिए जिलों के नेताओं को कैसे साधा जाए इसके लिए पदाधिकारियों की बैठकें शुरू हो गई है। सूत्रों की माने तो इस बार कांग्रेस हर जिले में कार्यकारिणी को छोटी रखना चाह रही है। साथ ही मैदान में सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ताओं को ही कार्यकारिणी में स्थान देना चाह रही है। इसके चलते यह फैसला लिया गया है कि किस जिले में कितने पदाधिकारी बनाए जाएं इसका फैसला प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी बैठक कर करेंगे। इसके अलावा जिला कार्याकारिणी में जाति का भी ध्यान रखा जाएगा। जिस जिले में जो जाति बहुसंख्यक होगी, उनका कार्यकारिणी में उस जाति के कार्यकर्ताओं को ज्यादा स्थान दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 17 अगस्त को कांग्रेस की जिला अध्यक्षों की सूची जारी हुई थी। हालांकि, इसे लेकर नाराजगी का दौर अब भी जारी है, लेकिन ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के दिए निर्देश अनुसार जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के एक महीने के अंदर जिला कार्यकारिणी घोषित करनी होगी। इस हिसाब से सितंबर माह में कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी का गठन हो सकता है।
