वार्ड और ग्राम पंचायतों की बदलेगी सीमाएं
भोपाल। प्रदेश में दो साल बाद नगरीय निकाय और ग्राम पंचायतों के चुनाव होना है। इससे पहले प्रदेश के शहरों के वार्ड और ग्राम पंचायतों की सीमाएं बदलने की तैयारी की जा रही है, जिसके बाद राजनीतिक दलों के सभी चुनावी समीकरण भी बदल जाएंगे।
मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने हाल ही में राज्य सरकार को एक प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में तीन सदस्यीय राज्य परिसीमन आयोग गठन की सिफारिश की गई है। केरल राज्य परिसीमन आयोग के आधार पर मध्यप्रदेश में भी आयोग गठन किया जाएगा। पंचायत एवं नगरीय निकायों का नए सिरे से परिसीमन की तैयारी की जा रही है। परिसीमन के बाद प्रदेश के नगर निगम, नगर परिषद, जनपद पंचायत और वार्डों का क्षेत्रफल बदलेगा, साथ ही इनकी संख्या भी बढ़ेगी। इसके साथ ही महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष, सरपंच, पंचों के आरक्षण की व्यवस्था का नए सिरे से निर्धारण होगा।
