नसीहत, समझाइश का नहीं हुआ असर, कलेक्टर-विधायक पहुंचे थाने
शिकायती आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग
भोपाल। भिंड जिले में कलेक्टर और विधायक के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर उभरकर सामने आ गया है। पहले नसीहत और समझाइश के बावजूद मामला सुलझ नहीं पाया, बल्कि अब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने भिंड के सिटी कोतवाली थाने में अपने-अपने पक्ष में शिकायतें दर्ज कराईं। दोनों शिकायतों को पुलिस ने उच्च अधिकारियों को भेजकर जांच की बात कही है। कलेक्टर श्रीवास्तव ने दिए गए आवेदन में विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह अपने समर्थकों के साथ मेरे सरकारी आवास पर पहुंचे। समर्थकों ने कलेक्टर चोर है के नारे लगाए। विधायक ने मेरे साथ अभद्रता की, मोबाइल छीन लिया, गालियां दीं और दरवाजे पर धक्का देकर अंदर घुस आए। उन्होंने मुझे मुक्का दिखाकर धमकाया। वहीं विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने अपने आवेदन में कहा कि किसान खाद की समस्या को लेकर मेरे निवास पर आए थे। मैंने कलेक्टर को फोन किया, लेकिन उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया। किसान कलेक्टर के घर धरना देने निकलने लगे, जिन्हें मैंने समझाया। मैंने सिर्फ इतना कहा कि खाद वितरण सुचारू हो, तो कलेक्टर ने मुझे धमकाया और यहां तक कहा कि वह मेरी हत्या करवा देंगे।
गौरतलब है कि 27 अगस्त को भी कलेक्टर और विधायक के बीच विवाद हुआ था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों एक-दूसरे की ओर उंगली और मुक्का दिखाते नजर आए थे। इस घटना के बाद भाजपा संगठन ने विधायक कुशवाहा को भोपाल बुलाकर नसीहत दी थी, वहीं कलेक्टर के समर्थन में आईएएस एसोसिएशन सामने आया था और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।
