कार्यकारिणी घोषित होते ही उपाध्यक्ष का इस्तीफा
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यकाणियों की घोषणा के साथ ही संगठन में अंतर्कलह की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। रविवार देर रात घोषित मऊगंज जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाए गए राहुल गौतम ने सोमवार को पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखकर स्वयं को इस जिम्मेदारी से मुक्त करने की मांग की है।
राहुल गौतम, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वर्तमान विधायक गिरीश गौतम के पुत्र हैं। उन्होंने पत्र में लिखा कि संगठन में पद सीमित होते हैं और सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ जिम्मेदारी देना संभव नहीं होता। पूर्व में भी वह संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं, इसलिए अब किसी अन्य कार्यकर्ता को अवसर देना अधिक उचित होगा। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को संबोधित पत्र में राहुल गौतम ने स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा किसी असंतोष का परिणाम नहीं, बल्कि संगठनात्मक संतुलन और अवसर वितरण की भावना से प्रेरित है। उन्होंने आग्रह किया कि उनकी नियुक्ति को रद्द करते हुए किसी अन्य कार्यकर्ता को यह दायित्व सौंपा जाए।
गौरतलब है कि रविवार को भाजपा ने मऊगंज सहित चार जिलों की कार्यकारिणियों की घोषणा की थी। मऊगंज जिले की घोषित कार्यकारिणी में कुल 26 पदाधिकारी शामिल किए गए हैं, जिसमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 7 मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष, 1 सह-कोषाध्यक्ष, 1 कार्यालय मंत्री, 1 सह-कार्यालय मंत्री, 1 मीडिया प्रभारी, 1 सह-मीडिया प्रभारी, 1 सोशल मीडिया संयोजक तथा 1 आईटी सेल संयोजक शामिल हैं।
