विक्रमादित्य वैदिक घड़ी और मोबाइल एप का लोकार्पण एक सितंबर को
मुख्यमंत्री करेंगे युवाओं से संवाद, निकलेगी बाइक रैली
भोपाल। विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का अनावरण और मोबाइल ऐप का लोकार्पण एक सिंतबर को किया जाएगा। घड़ी का लोकार्पण मुख्यमंत्री डा मोहन यादव मुख्यमंत्री निवास पर करेंगे। इस अवसर पर राजधानी में शौर्य स्मारक से बाइक रैली भी निकाली जाएगी, जो रवींद्र भवन से पैदल मार्च के रूप में मुख्यमंत्री निवास पहुंचेगी।
यह जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुएं दी। तिवारी ने बताया कि 1 सितंबर की सुबह 9 बजे शौर्य स्मारक पर कॉलेज, विश्वविद्यालय के युवा एवं छात्र-छात्राएं एकत्रित होंगे। शौर्य स्मारक से बाइक रैली आरंभ होगी जो रवींद्र भवन तक जायेगी। रवींद्र भवन से बाइक रैली पैदल मार्च में बदलकर मुख्यमंत्री निवास के द्वार तक पहुंचेगी। इस अवसर पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ीः भारत के समय की पुनर्स्थापना की पहल विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम भी होगा। जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवाओं से संवाद करेंगे।
भारतीय काल गणना पर आधारित है पहली घड़ी
संस्कृति सलाहकार तिवारी ने बताया कि विक्रमादित्य वैदिक घडी भारतीय काल गणना पर आधारित विश्व की पहली घड़ी है। भारतीय काल गणना सर्वाधिक विश्वसनीय पद्धति का पुनरस्थापन विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के रूप में उज्जैन में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 29 फरवरी 2024 को किया गया था।
शुभ मुहुर्त और अलार्म की सुविधा भी है एप में
तिवारी ने बताया कि विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के ऐप में 3179 विक्रम पूर्व से लेकर महाभारतकाल और वर्तमान तक की जानकारी शामिल है। इसमें 7000 से अधिक वर्षों के पंचांग, तिथि, नक्षत्र, योग, करण, वार, मास, व्रत और त्यौहार की जानकारी शामिल है। धार्मिक कार्य, साधना और व्रत के लिए 30 अलग-अलग शुभ मुहूर्त और अलार्म की सुविधा भी ऐप में शामिल है। इसके अलावा वैदिक समय (30 घंटे), वर्तमान मुहूर्त स्थान, मौसम संबंधी जानकारी जैसे तापमान, हवा की गति और आर्द्रता भी यूजर्स को उपलब्ध कराई जाती है। ऐप 189 से अधिक वैश्विक भाषाओं में उपलब्ध है और दैनिक सूर्योदय- सूर्यास्त की गणना के आधार पर हर दिन के 30 मुहूर्त का सटीक विवरण प्रदान करता है।
