प्रशासनिक फेरबदल की आहट, जिलों से मंत्रालय तक बदल सकते हैं अफसर
मुख्य सचिव अनुराग जैन को सेवा-वृद्धि मिलने के बाद बड़ी प्रशासनिक सर्जरी के संकेत’
भोपाल। प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्य सचिव अनुराग जैन को एक साल की सेवावृद्धि मिलने के बाद अब प्रशासनिक सर्जरी की संभावना प्रबल हो गई है। सूत्रों की मानें तो आगामी कुछ दिनों में बड़े स्तर पर तबादले हो सकते हैं, जिसमें आधा दर्जन से अधिक जिलों के कलेक्टर बदले जा सकते हैं और कई अनुभवी अफसरों को मंत्रालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी जा सकती हैं।
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक सर्जरी के तहत 2010 व 2011 बैच के आईएएस अधिकारियों को फील्ड से हटाकर मंत्रालय में पदस्थ किया जा सकता है। इन अधिकारियों को विभागीय प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही, 2016 और 2017 बैच के आईएएस अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपे जाने की तैयारी भी की जा रही है।
इन जिलों में हो सकते हैं बदलाव
राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, पन्ना और छिंदवाड़ा में 2010 बैच के आईएएस अधिकारी पदस्थ हैं, जबकि ग्वालियर, भिंड, डिंडोरी और शिवपुरी में 2011 बैच के अफसर कलेक्टर हैं। कई जिलों में लंबे समय से जमे नॉन परफॉर्मर कलेक्टरों को भी बदला जा सकता है।
मंत्रालय में नए सिरे से विभागों का बंटवारा संभव
वर्तमान में मध्यप्रदेश कैडर के करीब 15 एसीएस और पीएस स्तर के अधिकारी केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं। इसके चलते मंत्रालय में पदस्थ अधिकारियों के पास मूल विभाग के साथ अतिरिक्त विभागों की भी जिम्मेदारी है, जिससे कई विभागों का कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से मंत्रालय में एसीएस और पीएस अधिकारियों के बीच विभागों का पुनः बंटवारा किया जा सकता है।
गृह विभाग को मिलेगा नया मुखिया
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव जे.एन. कंसोटिया 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में इस अहम पद को लेकर भी प्रशासनिक हलकों में सुगबुगाहट है। चर्चाओं के अनुसार एसीएस राजेश राजौरा को गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया जा सकता है। साथ ही एसीएस अनुपम राजन, अशोक वर्णवाल और केसी गुप्ता के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं।
