भाजपा विधायक, कलेक्टर के बीच हुई तकरार
खाद की समस्या को लेकर हाथापाई की स्थिति हुई निर्मित
भोपाल। भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और भिंड कलेक्टर के बीच तीखा विवाद हो गया। खाद की समस्या को लेकर किसानों के साथ कलेक्टर बंगले के बाहर धरना दे रहे विधायक कुशवाह ने कलेक्टर के बाहर आते ही उन पर कई तरह के आरोप लगाए। इसके बाद विवाद इतना बढा कि हाथापाई की नौबत आ गई।
भिंड में खाद की समस्या को लेकर भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह किसानों के साथ कलेक्टर संजीव कुमार श्रीवास्तव से बात करने उनके बंगले पहुंचे। इस दौरान मामला इतना गरमा गया कि विधायक अपने समर्थकों और किसानों के साथ कलेक्टर के बंगले के गेट पर धरना देने बैठ गए। कलेक्टर और विधायक के बीच बातचीत के दौरान हल्की झड़प भी हुई। कुछ लोगों का ये भी कहना है कि विधायक ने कलेक्टर का मोबाइल भी छीनने की कोशिश की। कलेक्टर पर कई तरह के आरोप भी लगाए। इस दौरान विधायक कुशवाह को समझाने का प्रयास भी किया गया, मगर वे अपनी बात पर अड़े रहे। उनका कहना था कि कलेक्टर को हटाया जाए। मामले को बढ़ता देख पुलिस को जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही कलेक्टर निवास पर पुलिस बल पहुंचा। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने भी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की।
