कांग्रेस को लगा झटका, दो सौ से अधिक नेताओं ने थामा भाजपा का दामन
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। इस्तीफों, पुतला दहन और आक्रोश के बीच अब कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। रायसेन जिले में कांग्रेस के सैंकड़ों सक्रिय कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं के इस फैसले ने कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। यह घटना कांग्रेस में लगातार बढ़ रही अंदरूनी कलह और नेतृत्व संकट को दर्शाती है।
रायसेन जिले के उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश उपाध्याय सहित 280 से अधिक नेता और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए हैं। इन लोगों में 2 सेवानिवृत्त एडिशनल एसपी भी शामिल हैं, जो अब भाजपा की नीतियों और नेतृत्व से प्रभावित होकर पार्टी का हिस्सा बन चुके हैं। आज शनिवार को भोपाल स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा ही करती है अपने कार्यकर्ता का मूल्यांकन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं का वास्तविक मूल्यांकन करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जमीनी कार्यकर्ताओं की पूरी तरह अनदेखी कर दी है, यही वजह है कि आज कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है और भाजपा का परचम हर स्तर पर लहराता जा रहा है।
