लाड़ली बहनों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन
भोपाल। राजगढ़ में कांग्रेस नेता द्वारा लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए बयान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और लाड़ली बहनों ने हाथ में बोरे लेकर रेड क्रॉस अस्पताल से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर विरोध कर मार्च निकाला। प्रदर्शन कर रही महिलाएं जैसे ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ीं, पुलिस ने बीच सड़क पर बेरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। भाजपा जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा सुषमा चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं ने अभद्र टिप्पणी महिलाओं पर की है। कांग्रेस हमेशा से गंदी राजनीति करती आई है। हम देखेंगे कि कैसे कांग्रेस के नेता लाड़ली बहनों को बोरे में भरेंगे।
गौरतलब है कि राजगढ़ में यशवंत गुर्जर द्वारा दिए गए इस बयान के बाद से भाजपा आक्रामक है। हालांकि गुर्जर ने अपने बयान को लेकर सफाई भी दी है, मगर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ अपना प्रदर्शन जारी रखा है।
