पहले कंटेंट की जांच, बाद में फिल्मों को मिलेगा अनुदान
भोपाल। सरकार अब फिल्मों को अनुदान देने के पहले कंटेट की जांच करेगी। इसके बाद ही फिल्मों को अनुदान दिया जाएगा। साथ ही इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि जो फिल्में बनाई जा रही है वे पारिवारिक और सांस्कृतिक महत्व की हों।
पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने पर्यटन बोर्ड के कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को इस आशय के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि फिल्म के क्षेत्र में स्किल प्रोफेशनल का डेटाबेस तैयार करें। इससे न सिर्फ फिल्म निर्माताओं को कुशल कलाकार और प्रोफेशनल मिल सकेंगे बल्कि प्रदेश में फिल्म के क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। फिल्मों के अनुदान देने से पूर्व कंटेंट की जांच की जाए। पारिवारिक और सांस्कृतिक फिल्मों को बढ़ावा दिया जाए। पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने वायु सेवा की बुकिंग को विभिन्न प्रचलित बुकिंग प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित करने को कहा। इससे पर्यटकों को अधिक सुविधा होगी और यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी।
