कांग्रेस विधायक मसूद के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
भोपाल। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोहेफिजा थाने में उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरिफ मसूद ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने कॉलेज को मान्यता दिलवाई। यह कार्रवाई जबलपुर हाईकोर्ट के निर्देश पर हुई है।
पिछले दिनों उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेज की मान्यता रद्द कर दी थी। हालांकि, छात्रों के हित को देखते हुए कोर्ट ने कॉलेज को जारी रखने की अनुमति दी, लेकिन नए एडमिशन पर पूरी तरह रोक लगा दी। हाईकोर्ट ने इस मामले में तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि बिना राजनीतिक संरक्षण के इतने सालों तक ऐसा कॉलेज नहीं चल सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि आगे इस केस में क्या कार्रवाई होती है।
यह है पूरा मामला
भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद की अमन एजुकेशन द्वारा संचालित कॉलेज इंदिरा प्रियदर्शिनी कॉलेज की उच्च शिक्षा विभाग ने मान्यता रद्द कर दी थी। इसके पहले कॉलेज को अंतरिम मान्यता मिली थी, लेकिन कॉलेज की ओर से जरूरी कागजात और शर्तें पूरी नहीं करने पर विभाग ने मान्यता रद्द कर दी थी। कांग्रेस विधायक मसूद पर आरोप है कि उन्होंने संस्था के फर्जी दस्तावेज लगाकर कॉलेज की मान्यता ली थी जिसमें संबंधित अधिकारियों की भी मीली भगत के आरोप लगे थे।
