चुनाव आयोग के गठजोड़ से भाजपा ने बनाई सरकार
सिंघार का आरोप, दो माह में बढ़ गए सोलह लाख मतदाता
भोपाल। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव आयोग की कथित मिलीभगत से प्रदेश में सरकार बनाई है। सिंघार ने कहा कि भाजपा ने फर्जी जनादेश के आधार पर सत्ता हासिल की, जिसमें चुनाव आयोग ने उनकी मदद की।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान महज दो महीनों में 16 लाख मतदाता बढ़ गए, लेकिन इसकी जानकारी राजनीतिक दलों को नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग ने बीते तीन चुनावों का डेटा क्यों नहीं रखा, जबकि नियमों में इसका प्रावधान है। सिंघार ने सेवड़ा, ग्वालियर दक्षिण, करेरा, छतरपुर, मुंगावली, और चित्रकूट समेत कई विधानसभा सीटों पर वोटर संख्या में असामान्य वृद्धि का दावा किया। उन्होंने कहा कि औसतन हर सीट पर 10 हजार वोट बढ़ाए गए। इसके अलावा, चुनाव आयोग पर सीसीटीवी फुटेज और मतदाता सूची की पूरी जानकारी सार्वजनिक न करने का भी आरोप लगाया।
सिंघार ने दावा किया कि कांग्रेस के पास 35 सीटों का डेटा है, जो यह साबित करता है कि सभी सीटों पर चुनाव आयोग ने भाजपा के लिए हेराफेरी की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार जनादेश से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग के गठजोड़ से बनी है।
बूथ स्तर पर नहीं दिखाई जाती मतदाता सूची
सिंघार ने कहा कि आयोग दावा करता है कि जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है, लेकिन बूथ स्तर की पूरी लिस्ट नहीं दिखाई जाती। कांग्रेस नेता ने मांग की कि मतदाता सूची को फ्रिज किया जाए और चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले को लेकर कांग्रेस कोर्ट का रुख करेगी।
