कूनों में चीतों का घर अब और बड़ा हो गया
जहानगढ़ बनी नई सेंक्चुरी, प्रदेश में अब 25 अभयारण्य
भोपाल। मध्य प्रदेश में चीतों के लिए अच्छी खबर है। कूनो नेशनल पार्क में बसाए गए चीतों का घर अब और बड़ा हो गया है। राज्य सरकार ने कूनो से सटे 402.882 हेक्टेयर क्षेत्र में नई जहानगढ़ सेंक्चुरी की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही प्रदेश में सेंक्चुरी की कुल संख्या अब 25 हो गई है।
यह नई सेंक्चुरी श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क वनमंडल के अंतर्गत आएगी और कूनो लैंडस्केप का अहम हिस्सा बनेगी। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस क्षेत्र को सेंक्चुरी घोषित करने से यहां की जैव विविधता और भी समृद्ध होगी, साथ ही चीतों और अन्य वन्यजीवों को अधिक विस्तार और संरक्षण मिलेगा।
जैव विविधता को मिलेगा नया जीवन
जहानगढ़ सेंक्चुरी के निर्माण से न केवल चीतों का दायरा बढ़ेगा, बल्कि यह कदम पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने की दिशा में भी अहम साबित होगा। चीतों के लिए अब यह क्षेत्र एक सुरक्षित और स्थायी आवास बनेगा, जहां वे स्वतंत्र रूप से विचरण कर सकेंगे।
यह होंगी सेंक्चुरी की सीमाएं
पूर्व में कूनो नेशनल पार्क की पश्चिमी सीमा।
दक्षिण में कूनो नेशनल पार्क की उत्तरी सीमा।
उत्तर में संरक्षित वन खंड खजूरी की पश्चिमी सीमा और कूनो नेशनल पार्क की पश्चिमी सीमा।
पश्चिम में संरक्षित वन खंड खजूरी की पूर्वी सीमा और आरक्षित वन खंड खाड़ी की पूर्व सीमा।
